पलक्कड़ (केरलम), छह सितंबर (भाषा) केरलम में निजी बस संचालकों ने रविवार को ‘केरल राज्य सड़क परिवहन निगम’ की ‘प्रियदर्शिनी’ योजना के वित्तीय असर को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशें अपर्याप्त हैं।
निजी बस संचालक इस बात को लेकर चिंता जता रहे हैं कि ‘केरल राज्य सड़क परिवहन निगम’ द्वारा ‘प्रियदर्शिनी’ योजना लागू किए जाने के बाद उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। इस योजना के तहत महिलाओं को साधारण श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा की अनुमति है।
निजी बस संचालकों द्वारा उठाई गई चिंताओं के बाद राज्य सरकार ने उनकी समस्याओं का अध्ययन करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया।
समिति ने अध्ययन करने के बाद केरलम में निजी बस क्षेत्र को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए निजी बस सेवाओं को एक उद्योग घोषित करने और उनके संचालन की अवधि 22 वर्ष से बढ़ाकर 25 वर्ष करने की सिफारिश की।
हालांकि, निजी बस संचालकों का दावा है कि समिति की सिफारिशों में उनकी किसी भी प्रमुख मांग को जगह नहीं दी गई है।
‘ऑल केरल बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन’ (एकेबीओए) के महासचिव टी. गोपीनाथन ने रविवार को कहा कि निजी बस संचालक आठ सितंबर को पलक्कड़ में संगठन की राज्य समिति की बैठक में पूरे राज्य में बस सेवाएं बंद करने के बारे में फैसला करेंगे।
एकेबीओए ने न्यूनतम टिकट किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये करने की मांग की।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत