उप्र: पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

उप्र: पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 08:06 PM IST

महराजगंज, छह सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक चौकी परिसर में एक व्यक्ति द्वारा जन्मदिन का केक काटने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और मामले की जांच के आदेश जारी किये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है।

वीडियो में एक व्यक्ति केक काटता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि पास में एक उपनिरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं।

पुलिस परिसर में निजी आयोजन को लेकर इस वीडियो पर सवाल उठाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी निचलौल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत सिंह को सौंपी गई है।

सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि घटना कब हुई और किन परिस्थितियों में चौकी परिसर में जन्मदिन मनाया गया।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक को चौकी में केक काटने की अनुमति किसने दी थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका थी।

अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने इससे पहले बताया था कि पुलिसकर्मी जन्माष्टमी का कार्यक्रम मना रहे थे और इसी दौरान खैराती गांव का एक युवक वहां पहुंचा और उसने अपने जन्मदिन का केक काटने की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया था कि वह इस तरह के निजी आयोजनों से दूर रहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र