रोहिणी में अपराधियों के खिलाफ चार दिवसीय अभियान में 60 से अधिक लोगो गिरफ्तार
रोहिणी में अपराधियों के खिलाफ चार दिवसीय अभियान में 60 से अधिक लोगो गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी में चार दिवसीय अपराध-विरोधी अभियान के दौरान 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में संगठित अपराध और गली मोहल्ले में होने वाले अपराधों को निशाना बनाया गया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 18 से 21 मार्च तक चलाया गया था। उन्होंने बताया कि इसमें 44 टीमों ने भाग लिया।
उन्होंने कहा इस दौरान पुलिस ने जिले भर में 79 स्थानों पर छापेमारी की और 165 ज्ञात अपराधियों की पड़ताल की गयी।
पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में शस्त्र अधिनियम के तहत 10 मामले दर्ज किए और 11 लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक रिवॉल्वर, .32 बोर की एक पिस्तौल, पांच देसी पिस्तौल, 12 कारतूस, चार चाकू और एक स्कूटर बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के परिणामस्वरूप आबकारी अधिनियम के तहत 14 मामले दर्ज किए गए और 14 गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस ने बताया कि शराब की 48 बोतलें और 13,993 क्वार्टर अवैध शराब के साथ-साथ एक कार, एक टेम्पो और एक स्कूटर जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि जुये से संबंधित मामलों में 11 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया, साथ ही दांव की रकम के रूप में 30,380 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, अलग से दो कथित स्नैचरों को गिरफ्तार किया गया और एक चोरी का मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई, जबकि एक ऑटो-लिफ्टर को छह महंगी मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि चार आरोपी आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं, जबकि कई अन्य का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही मौजूद है।
पुलिस ने यह भी बताया कि विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत 768 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई और 20 लोगों पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


