अहमदाबाद, चार अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि गुजरात में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईबीसी) और गैर-अधिसूचित जनजातियों (डीएनटी) के नौ लाख से अधिक विद्यार्थियों को पिछले छह महीने से अधिक समय से एक केंद्रीय योजना के तहत छात्रवृत्ति नहीं मिली है।
मुख्य विपक्षी दल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से ‘पीएम-यशस्वी’ योजना के तहत लंबित धनराशि को तुरंत जारी करने का आग्रह किया।
‘पीएम यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवार्ड स्कीम फॉर वाइब्रेंट इंडिया’ योजना के तहत ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी समुदायों के विद्यार्थियों को स्कूल व कॉलेज की शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में देरी से छात्र और उनके माता-पिता आर्थिक मानसिक तनाव में हैं।
उन्होंने कहा कि कई लोग विद्यालयों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें इस बात की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है कि राशि कब जारी होगी।
दोशी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर राज्य सरकार से पात्र विद्यार्थियों को लंबित छात्रवृत्ति राशि तुरंत जारी करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में ‘पीएम यशस्वी मैट्रिक पूर्व छात्रवृत्ति’ के पात्र लगभग 4.25 लाख और ‘मैट्रिक पश्चात छात्रवृत्ति’ के पात्र लगभग पांच लाख विद्यार्थियों को छह महीने से अधिक समय से उनका हक नहीं मिला है।
दोशी ने आरोप लगाया, “केंद्र सरकार से राज्य सरकार को अनुदान न मिलने तथा ऑनलाइन स्कॉलरशिप प्रणाली एवं ‘नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल’ में तकनीकी कमियों के कारण छात्रवृत्ति राशि अटकी हुई है।”
भाषा
सुमित जितेंद्र
जितेंद्र