हैदराबाद, 24 दिसंबर (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जम्मू-कश्मीर में नागरिकों को हिरासत के दौरान कथित तौर पर यातना दिये जाने पर रविवार को चिंता व्यक्त की।
ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मैं कश्मीर के हालातों पर दुख व्यक्त करता हूं। 2021 के बाद से हमारी सेना पर इस तरह से हमला नहीं हुआ है। हिरासत के दौरान नागरिकों को यातना दिये जाने पर भी चिंता व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस दावे का क्या हुआ कि अनुच्छेद 370 निरस्त करने और नोटबंदी के बाद, ‘‘सबकुछ ठीक हो गया है और अब कोई आतंकवाद नहीं है?’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘दुर्भाग्य से बयानबाजी ने उचित राष्ट्रीय सुरक्षा का स्थान ले लिया है।’’
सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में तीन नागरिकों की मौत की गहन आंतरिक जांच के आदेश दिये हैं। इस मामले से परिचित लोगों ने रविवार को यह जानकारी दी। ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं कि इन तीन लोगों की सेना की हिरासत में मौत हुई है।
भाषा
खारी अमित
अमित