चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) पंजाब राज्य कराधान विभाग ने जालंधर की एक कंपनी के मालिक को 55.35 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग गिरोह में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चीमा ने बताया कि राज्य के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने पंजाब जीएसटी अधिनियम-2017 के प्रावधानों के तहत जालंधर स्थित एम/एस रैम्सन्स कॉर्पोरेशन के मालिक भूपेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘हमारी शुरुआती जांच से पता चला है कि यह कंपनी बिना किसी वास्तविक सामान की आपूर्ति के जीएसटी बिल जारी करके बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग और ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ गिरोह में शामिल थी।’
चीमा ने बताया कि कंपनी ने लगभग 55.35 करोड़ रुपये के ‘फर्जी बिल’ बनाए, जिसके कारण सीधे तौर पर लगभग 8.35 करोड़ रुपये का फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ ‘गलत तरीके से हासिल’ किया गया और अन्य लोगों को अंतरित किया गया।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश