पप्पू यादव का बिरला को पत्र, कंगना रनौत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

Ads

पप्पू यादव का बिरला को पत्र, कंगना रनौत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 12:26 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 12:26 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत की कथित विवादित टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए तथा उचित कार्रवाई की जाए।

बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सदस्य पप्पू यादव ने अपने पत्र में कहा कि हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने गत 28 जुलाई को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सार्वजनिक पोस्ट के माध्यम से देश की युवतियों, विशेषकर नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलनरत छात्राओं के बारे में ‘‘अत्यंत आपत्तिजनक एवं गरिमाहीन’’ टिप्पणी की।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद ने अपनी पोस्ट में युवा महिलाओं के लिए ‘‘जनरेशन गटर’’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया तथा उन पर नशा करने, मदिरापान करने और कई व्यक्तियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने को स्वतंत्रता का पर्याय मानने का आरोप लगाया।

पप्पू यादव ने अपने पत्र में कहा, ‘‘भाजपा सांसद का यह बयान देश की महिलाओं के आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार होने के साथ-साथ एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गरिमा और लोकसभा सदस्य पद की मर्यादा के भी प्रतिकूल है।’’

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों से संयम, शालीनता और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन संबंधित टिप्पणी से यह अपेक्षा भंग हुई है तथा महिलाओं के प्रति पूर्वाग्रहों को बढ़ावा मिला है।

निर्दलीय सांसद ने यह भी कहा कि इस टिप्पणी को लेकर देशभर में सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर व्यापक आलोचना हो रही है, जिससे लोकसभा की गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए कंगना रनौत से स्पष्टीकरण तलब किया जाए तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए।

भाषा हक हक वैभव

वैभव