संसद की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित, चार दिन का रहेगा अवकाश

Ads

संसद की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित, चार दिन का रहेगा अवकाश

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार को नियत काम पूरा करने के बाद सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी तथा लोकसभा एवं राज्यसभा में अब चार दिन का अवकाश रहेगा।

लोकसभा में विभिन्न मंत्रालयों की बकाया अनुदान मांगों और संबंधित विनियोग विधेयकों को मंजूरी देने के बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की बैठक को शाम करीब सवा छह बजे सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

राज्यसभा में सेवानिवृत्त होने जा रहे 59 सदस्यों को आज विदाई दी गयी। इसके बाद शाम पांच बजे से कुछ मिनट पहले उप सभापति हरिवंश ने बैठक को सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

लोकसभा में पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने सदस्यों को सूचित किया कि बृहस्पतिवार 19 मार्च और शुक्रवार 20 मार्च के लिए निर्धारित सदन की बैठकें रद्द कर दी गई हैं। उनके स्थान पर शनिवार 28 मार्च और रविवार 29 मार्च को बैठकें होंगी जिनमें प्रश्नकाल नहीं होगा।

बृहस्पतिवार को उगादी उत्सव मनाया जाएगा, वहीं शुक्रवार को ईद-उल-फितर का अवकाश रहेगा।

राज्यसभा में इस बाबत घोषणा पहले ही की जा चुकी थी।

भाषा माधव हक माधव अविनाश

अविनाश