नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) यहां की एक अदालत ने संसद की सुरक्षा में कथित सेंध मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस को जांच पूरी करने के लिए शुक्रवार को और समय दे दिया।
अतिरिक्त सत्र न्यायधीश हरदीप कौर ने पुलिस को 13 और दिनों का समय दिया। पुलिस ने इससे पहले अर्जी देकर अदालत को बताया था कि कुछ रिपोर्ट का इंतजार है और डिजिटल डेटा बहुत अधिक है, इसलिए जांच पूरी करने के लिए और समय की जरूरत है।
संसद पर 2001 में हुए हमले की बरसी पर पिछले साल दो लोग सागर शर्मा और मनोरंजन डी लोकसभा के दर्शक दीर्घा से सदन में कूद गए थे और कैन से पीले रंग का धुआं छोड़ा था और नारेबाजी की थी। घटना के समय सदन में शून्यकाल चल रहा था और सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया था।
उसी समय दो अन्य आरोपी अमोल शिंदे और नीलम आजाद ने संसद परिसर के बाहर कैन से धुआं छोड़ा और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाए।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप