जयपुर, दो जुलाई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि राज्य की भुगतान प्रणाली लगभग ठप हो गई है, जिससे कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और सेवा प्रदाताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गहलोत ने दावा किया कि राज्य गहराते वित्तीय संकट और प्रशासनिक निष्क्रियता का सामना कर रहा है तथा कई सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत भुगतान महीनों से लंबित है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस), चिरंजीवी एवं आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है।
एक बयान के मुताबिक, गहलोत ने पत्र में आरोप लगाया कि यह समस्या केवल किसी एक विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के परिजनों, अस्पतालों, जांच केंद्रों, दवा आपूर्तिकर्ताओं और ठेकेदारों पर भी पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कि आरजीएचएस के तहत स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि निजी अस्पतालों, जांच केंद्रों और दवा विक्रेताओं के करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है।
गहलोत ने इस मुद्दे को लाखों लोगों की आजीविका और सम्मान से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भुगतान संकट को दूर करने तथा कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और सेवा प्रदाताओं का विश्वास बहाल करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
भाषा
बाकोलिया पारुल
पारुल