राज्यसभा चुनावों में पीडीपी-भाजपा गठजोड़ बेनकाब हुआ : नेशनल कॉन्फ्रेंस

Ads

राज्यसभा चुनावों में पीडीपी-भाजपा गठजोड़ बेनकाब हुआ : नेशनल कॉन्फ्रेंस

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 05:29 PM IST

श्रीनगर, 28 अप्रैल (भाषा) सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मंगलवार को कहा कि पिछले साल जम्मू कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में विपक्षी पीडीपी द्वारा मुख्य एजेंट नियुक्त करने में विफलता ने क्षेत्रीय पार्टी और भाजपा के बीच के गुप्त गठजोड़ को बेनकाब कर दिया है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘आरटीआई से पता चलता है कि जम्मू कश्मीर में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में मतदान की निगरानी के लिए मुख्य एजेंट नियुक्त न करने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) थी। इसलिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि अंतिम परिणामों में भाजपा ने राज्यसभा सीट हासिल कर ली जबकि उसके पास ऐसा करने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं थी।

नेशनल कॉन्फ्रेंस एक आरटीआई आवेदन के जवाब पर टिप्पणी कर रही थी जिससे सामने आया है कि पीडीपी एकमात्र ऐसी पार्टी थी जिसने पिछले साल राज्यसभा चुनावों के लिए मुख्य प्रतिनिधि एजेंट नियुक्त नहीं किया था।

पीडीपी ने भाजपा को बाहर रखने के घोषित उद्देश्य से नेकां उम्मीदवारों को समर्थन देने का वादा किया था।

इसने कहा कि हालांकि, भाजपा आवश्यक संख्या बल न होने के बावजूद एक सीट जीतने में कामयाब रही।

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कहा, ‘हमारी पार्टी के बयानों या राजनीतिक टिप्पणियों के माध्यम से नहीं, बल्कि सूचना के अधिकार अधिनियम के माध्यम से यह अब स्पष्ट हो गया है और भाजपा के वोटों का स्रोत उजागर हो गया है।’

इसमें कहा गया, ‘रैली में भाजपा विरोधी दिखावटी बयानबाजी का यही नतीजा है, जबकि असल में उन्हीं को वोट देकर संसद और विधानसभा में उनकी मजबूती सुनिश्चित की जा रही है। 2014 का पीडीपी-भाजपा गठजोड़ जारी है।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश