प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के बने पर्यावरण अनुकूल थैले इस्तेमाल करें लोग: धामी

प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के बने पर्यावरण अनुकूल थैले इस्तेमाल करें लोग: धामी

प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के बने पर्यावरण अनुकूल थैले इस्तेमाल करें लोग: धामी
Modified Date: July 29, 2026 / 07:25 pm IST
Published Date: July 29, 2026 7:25 pm IST

देहरादून, 29 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि एकल उपयोग प्लास्टिक पर्यावरण के लिए एक गंभीर खतरा है और इस पर लगी रोक के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ लोगों की भागीदारी की भी जरूरत है।

उन्होंने प्लास्टिक की जगह कपड़े व जूट से बने पर्यावरण अनुकूल थैलों के इस्तेमाल की अपील की।

विश्व बाघ दिवस के अवसर पर ‘एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन’ विषय पर यहां आयोजित एक कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से भी प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक या दूसरे प्रकार का कचरा न फैलाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध का प्रभावी क्रियान्वयन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है बल्कि इसके लिए जनभागीदारी, जन-जागरूकता तथा प्रत्येक नागरिक के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देकर उत्तराखंड को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने के संकल्प को साकार करना होगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों से कपड़े, जूट के थैले तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में