जीवविज्ञान और रसायन विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की प्रधानमंत्री ने की सराहना

Ads

जीवविज्ञान और रसायन विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की प्रधानमंत्री ने की सराहना

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 09:39 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जीवविज्ञान और रसायन विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय टीम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति वैश्विक स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है।

मोदी ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि लिथुआनिया की राजधानी विलनियस में आयोजित 37वें अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी चार सदस्यों ने पदक जीते, जिनमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भाव्या गुनवाल, सौमिल मैती, निशित कलानी और अनमोल कुमार की इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने आणविक जीवविज्ञान एवं जैव रसायन, जंतु शरीर क्रिया विज्ञान, जंतु आकारिकी विज्ञान एवं वर्गिकी तथा पादप संगणकीय जीवविज्ञान जैसे विषयों में उत्कृष्ट ज्ञान का परिचय दिया है।’

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सफलता अनेक अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी।

एक अन्य पोस्ट में मोदी ने 58वें अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय टीम के सदस्य देबदत्त प्रियदर्शी, हर्षित सिंघल, कबीर छिल्लर और संदीप कुची को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि भारत की ‘युवा शक्ति’ लगातार वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही है और इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

मोदी ने कहा, ‘इनकी प्रतिभा, समर्पण और विज्ञान के प्रति जुनून ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि अनगिनत युवा प्रतिभाओं को रसायन विज्ञान का अध्ययन करने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।’

भाषा अमित दिलीप

दिलीप