प्रधानमंत्री ने असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रु की परियोजनाओं की शुरुआत की

Ads

प्रधानमंत्री ने असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रु की परियोजनाओं की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 03:35 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 03:35 PM IST

गुवाहाटी, 13 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को राज्य के कोकराझार जिले में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की डिजिटल रूप से शुरुआत की।

भारी बारिश के कारण कोकराझार का दौरा रद्द होने के बाद प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परियोजनाओं की शुरुआत की।

मोदी ने तीन नयी रेलगाड़ियों- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने रेलवे संबंधी रखरखाव को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए जिले के बाशबारी में एक आवधिक ‘ओवरहालिंग’ (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला भी रखी।

मोदी ने असम माला 3.0 के ‘भूमि पूजन’ में डिजिटल रूप से भाग लिया, जो सड़क अवसंरचना की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतरराज्यीय संपर्क में सुधार होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा ग्रामीण सड़कों के बीच जुड़ाव को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किए जाने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुलों के ‘भूमि पूजन’ में भी डिजिटल रूप से भाग लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात सुगम होने और कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि तक पहुंच, स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच और ग्रामीण आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है।

असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश