मोदी ‘पश्चिमबंग दिवस’ समारोह में शामिल हुए, ‘पीएम-किसान’ योजना की किस्त जारी की

Ads

मोदी ‘पश्चिमबंग दिवस’ समारोह में शामिल हुए, ‘पीएम-किसान’ योजना की किस्त जारी की

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 06:26 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 06:26 PM IST

(फोटो के साथ)

तारकेश्वर (प.बंगाल), 20 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को हुगली जिले के तारकेश्वर में ‘पश्चिमबंग दिवस’ समारोह में शामिल हुए।

मोदी ने ‘पीएम-किसान’ योजना की 18,880 करोड़ रुपये की 23वीं किस्त जारी की, जिससे पूरे भारत में 9.44 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए।

प्रधानमंत्री राज्य दिवस के मौके पर आयोजित एक समारोह में शामिल हुए, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्री, विधायक, सरकारी अधिकारी और आम जनता भी शामिल हुई।

मोदी ने रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की, इन्हें राष्ट्र को समर्पित किया तथा इनकी आधारशिला रखी।

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि इन योजनाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्री स्टैक, प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल के किसानों को दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना का लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री ने राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) की शुरुआत की।

बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य 2026-27 में पश्चिम बंगाल के लगभग 50 लाख किसानों को लगभग 14 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर बीमा कवरेज प्रदान करना है, जिससे लगभग 28,140 करोड़ रुपये के अनुमानित बीमित मूल्य वाली फसलों की सुरक्षा होगी तथा किसानों को पर्याप्त महत्वपूर्ण सब्सिडी के माध्यम से सहायता मिलेगी।

मोदी ने लगभग 590 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया तथा इनकी आधारशिला रखी।

उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-तृतीय) के तहत विकसित 49 सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसके दायरे में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में कुल मिलाकर 315 किलोमीटर से अधिक का क्षेत्र आता है।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप