प्रधानमंत्री मोदी ने दिग्गज गायिका एस. जानकी के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने दिग्गज गायिका एस. जानकी के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने दिग्गज गायिका एस. जानकी के निधन पर शोक जताया
Modified Date: July 12, 2026 / 09:20 am IST
Published Date: July 12, 2026 9:20 am IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिग्गज पार्श्वगायिका एस. जानकी के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बेमिसाल खूबसूरती से हर प्रकार के गीत गाकर हर भावना को स्वर दिया।

जानकी का शनिवार को मैसूरु के एक निजी अस्पताल में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थीं।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रख्यात पार्श्वगायिका एस. जानकी अम्मा का निधन संगीत और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि विभिन्न भाषाओं में गाए गए जानकी के गीत कई पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय रहे और उन्होंने अद्वितीय खूबसूरती से हर तरह के गीत गाकर हर भावना को स्वर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी मधुर आवाज आने वाले वर्षों में भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, असंख्य प्रशंसकों और पूरे संगीत जगत के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति।’’

अपनी बहुमुखी गायकी के लिए जानी जाने वाली जानकी ने कई भाषाओं में 48,000 से अधिक गीत रिकॉर्ड किए। इनमें मुख्य रूप से कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषा के गीत शामिल हैं।

उन्होंने करीब छह दशक के अपने करियर में हिंदी, ओडिया, उर्दू, पंजाबी और बांग्ला समेत लगभग 20 भारतीय भाषाओं में फिल्मों, एल्बम, टेलीविजन और रेडियो कार्यक्रमों के लिए गीत गाए।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में