प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा में 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा में 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 03:57 PM IST

(फोटो के साथ)

जींद (हरियाणा), 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में सड़क संपर्क और चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देने वाली 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुक्रवार को लोकार्पण और शिलान्यास किया।

भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री ने 157.92 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। चार लेन वाले और पूरी तरह नियंत्रित पहुंच वाले इस एक्सप्रेसवे को लगभग 9,680 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।

यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर 667 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इसके चालू होने से दिल्ली से कटरा तक के सफर का समय 14 घंटे से घटकर करीब छह घंटे रह जाएगा, जबकि दिल्ली से अमृतसर की यात्रा आठ घंटे के बजाय लगभग चार घंटे में पूरी की जा सकेगी।

इस परियोजना से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर यातायात का दबाव काफी कम होने, श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने तथा इस मार्ग के किनारे औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और राष्ट्रीय राजमार्ग-344 पर 33.81 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले, आंशिक रूप से नियंत्रित प्रवेश वाले अंबाला-काला अंब राजमार्ग का भी उद्घाटन किया।

यह राजमार्ग अंबाला शहरी क्षेत्र और काला अंब औद्योगिक क्षेत्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क में सुधार करेगा, पहाड़ी क्षेत्रों की पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा काला अंब क्षेत्र के उद्योगों के लिए परिवहन लागत कम करेगा।

इस अवसर पर लोकार्पित अन्य परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर 40.60 किलोमीटर लंबा जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग भी शामिल है। इस राजमार्ग के चालू होने से जींद और गोहाना के बीच यात्रा का समय लगभग दो घंटे से घटकर मात्र 40 मिनट रह जाएगा। इससे यात्रियों, माल परिवहन और कृषि प्रधान जींद-गोहाना क्षेत्र को लाभ होगा तथा रोहतक, पानीपत और दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से संपर्क बेहतर होगा।

प्रधानमंत्री ने 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास भी किया। इस परियोजना के तहत मौजूदा सड़क को दो/चार लेन में उन्नत किया जाएगा।

उन्होंने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी उद्घाटन किया, जो शहर की एक प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजना है। इससे रेलवे फाटकों पर लंबे समय से लगने वाले यातायात जाम की समस्या समाप्त होगी।

इस परियोजना से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा रेल और सड़क दोनों परिवहन प्रणालियों की परिचालन दक्षता बढ़ेगी।

क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए प्रधानमंत्री ने भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय तथा नारनौल के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन चिकित्सा महाविद्यालय और राव तुलाराम अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किए।

इन संस्थानों के शुरू होने से हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा तक पहुंच का विस्तार होगा, एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ेगी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता में सुधार होगा तथा लोगों को अपने घरों के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

मोदी ने कुरुक्षेत्र में एक सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी। इस संग्रहालय में सिख धर्म का इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाएं, उनका साहस और बलिदान तथा भारत की सभ्यता में सिख समुदाय के अमूल्य योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश