बेलगावी, 29 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मछली पालन में सफलता प्राप्त करने वाले बेलगावी के किसान की सराहना की।
उन्होंने इसे कृषि में नवाचार से आय बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं को प्रेरित करने के एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
बेलगावी तालुक के बोदक्यानट्टी गांव के किसान राजू शिवलिंगप्पा हुद्दार (27) ने आधुनिक मछली पालन पद्धतियों, विशेष रूप से बायोफ्लॉक तकनीक को अपनाकर मुर्रेल (स्नेकहेड) मछली पालन किया और एक सफल उद्यमी के रूप में उभर कर सामने आए हैं।
राजू कला में स्नातक हैं और सेना में शामिल होना चाहते थे, लेकिन नौकरी पाने में असफल रहने के बाद उन्होंने स्वरोजगार का रुख किया।
दुग्ध उत्पादन जैसे विकल्पों का आकलन करने के बाद उन्होंने मत्स्य पालन को चुना और अपना उद्यम स्थापित करने से पहले वैज्ञानिक पद्धतियों को सीखने के लिए खुद को समर्पित कर दिया।
राजू ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं कुछ नया करना चाहता था। 2023-24 में, मैंने अपनी चार एकड़ जमीन में से एक एकड़ जमीन पर मछली पालन करने का फैसला किया। मेरे पिता और भाई ने मेरा साथ दिया।’’
उन्होंने वैज्ञानिक रूप से डिज़ाइन किए गए चार तालाब स्थापित किए और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से मछली के जीरा मंगवाए। विशेषज्ञता हासिल करने के लिए, उन्होंने लगभग एक वर्ष तुमकुरु, मांड्या, विजयपुरा, हैदराबाद और विजयवाड़ा के केंद्रों का दौरा किया और मछली पालन तकनीकों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
राजू ने तालाब निर्माण, मछली के जीरा, चारा और दवाओं पर लगभग 31 लाख रुपये का निवेश किया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद नीलनवर का वित्तीय सहयोग प्राप्त हुआ।
आठ महीनों के भीतर, पहली किस्त में उनकी 25 लाख रुपये की आय हुई, दूसरी किस्त में 22 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि तीसरे चक्र में अधिक लाभ की उम्मीद है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश