प्रधानमंत्री मोदी ने जयललिता को श्रद्धांजलि दी, महिलाओं के लिए उनके कल्याणकारी कार्यों की सराहना की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने जयललिता को श्रद्धांजलि दी, महिलाओं के लिए उनके कल्याणकारी कार्यों की सराहना की

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 03:36 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 03:36 PM IST

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि महिलाओं के कल्याण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सराहनीय प्रयासों के लिए वह हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की 24 फरवरी को जयंती है।

अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने कहा कि सिर्फ ‘अम्मा’ का नाम सुनते ही तमिलनाडु के लोगों के चेहरों पर एक अलग ही चमक आ जाती है।

जयललिता को ‘अम्मा’ कहकर पुकारा जाता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समाज कल्याण के लिए काम करने वाले और अपने नेक कार्यों में जनता को प्राथमिकता देने वाले लोग हमेशा भारत के लोगों के दिलों में बसे रहते हैं।

मोदी ने कहा कि जयललिता ऐसी ही एक लोकप्रिय नेता थीं। उन्होंने कहा कि जब भी वह तमिलनाडु का दौरा करते हैं तो उन्हें अब भी वहां के लोगों का जयललिता के प्रति गहरा स्नेह महसूस होता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘‘माताओं, बहनों और बेटियों के कल्याण’’ के लिए जयललिता के सराहनीय प्रयासों और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके द्वारा उठाए गए ठोस कदमों के कारण देश की ‘नारी शक्ति’ का उनसे संबंध और भी विशेष हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अम्मा जयललिता जी तमिलनाडु के लोगों के दिलों में बसती हैं। देशभक्ति की भावना उनमें गहराई से समाई हुई थी।’’

मोदी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को भारत की सांस्कृतिक विरासत पर भी गहरा गर्व था।

प्रधानमंत्री ने इस बात का भी जिक्र किया कि जयललिता ने 2002 और 2012 में गुजरात में उनके मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोहों में भी भाग लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम दोनों अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री थे, तब हम अक्सर सुशासन जैसे विषयों पर चर्चा करते थे। उनकी सोच एकदम स्पष्ट थी, जो उनकी एक महत्वपूर्ण विशेषता थी।’’

मोदी ने बताया कि कई साल पहले, जयललिता ने पोंगल के अवसर पर उन्हें चेन्नई में दोपहर के भोजन पर आमंत्रित किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘वह स्नेहपूर्ण भाव मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा…जनता के प्रति उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।’’

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र