मोदी ने बीजू पटनायक की 110वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

Ads

मोदी ने बीजू पटनायक की 110वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 02:55 PM IST

भुवनेश्वर, पांच मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 110वीं जयंती पर उन्हें बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी और राज्य की प्रगति के लिए उनके समर्पण को याद किया।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी तथा उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव और प्रवती परिदा ने भी विधानसभा परिसर में पटनायक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज बीजू पटनायक की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ओडिशा की प्रगति को आगे बढ़ाने के प्रति उनका समर्पण स्मरणीय है।’’

माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार पटनायक के सपनों को साकार करने और एक समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “बीजू पटनायक एक महान स्वतंत्रता सेनानी, उद्योगपति, कुशल पायलट और नेता थे। छात्र जीवन से लेकर आपातकाल के दौर तक उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन ओडिशा और उसके विकास के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कभी अपनी गरिमा या आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, इसलिए वह हर उड़िया भाषी के दिल में बसते हैं।’’

बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता राज्य भर में पटनायक की जयंती उत्साह के साथ मना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए हैं।

भाषा खारी संतोष

संतोष