वडोदरा, आठ सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ पहल पर मंगलवार को तंज कसते हुए कहा कि युवा सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे और ‘‘झूठ की गूंज’’ से गुमराह नहीं होंगे।
मोदी ने वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते समय यह टिप्पणी की। इस जनसभा में ज्यादातर युवा शामिल थे।
उन्होंने युवाओं से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने का भी आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आपको हर जगह ऐसे लोग मिलेंगे जो ‘झूठ की गूंज’ के जरिये आपको गुमराह करने की कोशिश करेंगे लेकिन आज का युवा सच्चाई के साथ खड़ा रहेगा।’’
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया छात्रों से संवाद का एक अभियान है जिसके तहत देश के विभिन्न शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस इस अभियान के जरिये परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरने की कोशिश कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा देख सकते हैं कि सरकार सौर, पवन, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कितनी गंभीरता से काम कर रही है।
मोदी ने युवाओं से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनने का आह्वान भी किया।
उन्होंने कहा, ‘‘देश के युवाओं को एआई के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनना होगा और हम चाहते हैं कि हमारे युवा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा