प्रधानमंत्री मोदी ने कतर के अमीर से बात की, पूर्व अमीर के निधन पर शोक व्यक्त किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने कतर के अमीर से बात की, पूर्व अमीर के निधन पर शोक व्यक्त किया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 09:57 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी से बात की और पूर्व अमीर शेख हमाद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

मोदी ने यह भी कहा कि दिवंगत नेता की स्थायी विरासत दोनों देशों को रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन करती रहेगी।

पूर्व अमीर का 12 जुलाई को 74 साल की उम्र में निधन हो गया था।

उनके निधन के बाद, केंद्र सरकार ने सम्मान के तौर पर 13 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी और पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया था।

कतर के अमीर, महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और पूर्व अमीर महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के प्रति उनके गहरे लगाव, कतर में भारतीय समुदाय के लिए उनके स्नेह और भारत-कतर संबंधों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद किया। उनकी स्थायी विरासत हमारे दोनों देशों का मार्गदर्शन करती रहेगी, क्योंकि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं।’’

केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू को कतर के अमीर के पिता के निधन पर भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शोक संदेश पहुँचाने के लिए भेजा था।

संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू 14 जुलाई को भारत की ओर से शोक व्यक्त करने दोहा गए। पूर्व अमीर ने 2013 में पद छोड़ने से पहले 18 साल तक कतर पर शासन किया था।

इससे पहले मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए पूर्व अमीर को ‘‘एक दूरदर्शी नेता’’ बताया था, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की ऊंचाई तक पहुँचाया, तथा फरवरी 2024 में कतर की अपनी यात्रा के दौरान उनसे हुई मुलाकात को याद किया था।

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव