प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में एलडीएफ और यूडीएफ पर निशाना साधा

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में एलडीएफ और यूडीएफ पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 10:26 PM IST

(फोटो के साथ)

तिरुवल्ला (केरल), चार अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान को तेज करते हुए एफसीआरए और शबरिमला सोना चोरी मामले समेत विभिन्न मुद्दों पर एलडीएफ और यूडीएफ पर निशाना साधा और उनकी प्रतिद्वंद्विता को ‘‘डब्ल्यूडब्ल्यूएफ फाइट’’ जैसा करार दिया।

पथनमथिट्टा जिले में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की रैली में, मोदी ने ईसाई समुदाय तक पहुंच बनाने का प्रयास किया, जो राज्य में एक महत्वपूर्ण मतदाता वर्ग है और इस वर्ग को उनकी पार्टी लंबे समय से आकर्षित करने की कोशिश कर रही है।

मोदी ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और केरल में भाजपा के नेतृत्व वाला राजग सत्ता में आयेगा।

राज्य विधानसभा की 140 सीट के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होगा।

मोदी ने चुनावों से पहले इस समुदाय को राजग के खेमे में लाने का प्रयास करते हुए कहा, ‘‘पूर्वोत्तर में, जहां ईसाई आबादी काफी अधिक है, राजग ने छह राज्यों में सरकारें बनाई हैं। हमने दशकों से लंबित कार्यों को पूरा किया है। गोवा में भी, जहां एक बड़ी ईसाई आबादी है, हम सेवा और विकास को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रखे हुए हैं।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए मोदी ने दावा किया कि भगवान अयप्पा मंदिर में हो रही ‘‘लूट’’ में एक स्पष्ट तरीका है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये घटनाएं एलडीएफ शासन के दौरान हो रही हैं, लेकिन इनका संबंध कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से है।’’

गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री ने केरल दौरे के दौरान शबरिमला मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी, जिससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा और एलडीएफ एक साथ काम करते हैं।

मोदी ने कहा कि एलडीएफ ने सोना चोरी के मामले की जांच सीबीआई को नहीं सौंपी है, जिससे गंभीर सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, कांग्रेस, जो मंदिरों से जुड़े मुद्दों से काफी हद तक दूर रही है, अब ढोंग कर रही है और खुद को हिंदू समर्थक दिखाने की कोशिश कर रही है। राजग सरकार बनने के बाद, एलडीएफ और यूडीएफ दोनों की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को सजा दी जाएगी। स्वामी अय्यप्पा के भक्त न्याय के अलावा और कुछ नहीं चाहते।’’

उन्होंने कहा कि वामपंथी और कांग्रेस की भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति केरल की संस्कृति और आस्था को सीधे तौर पर प्रभावित कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पहले उन्होंने शबरिमला मंदिर को बदनाम किया। आज वे इसे लूट रहे हैं।’’

मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर बार-बार लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने (एलडीएफ और यूडीएफ) ‘‘केरल फाइल्स’’, ‘‘कश्मीर फाइल्स’’ और ‘‘धुरंधर’’ जैसी फिल्मों को झूठा बताकर खारिज कर दिया था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वे एफसीआरए और समान नागरिक संहिता के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं, और गोवा का उदाहरण देते हुए कहा कि यूसीसी दशकों से लागू है। उन्होंने यह भी कहा कि सीएए के बारे में भी पहले इसी तरह के दावे किए गए थे।

एलडीएफ और यूडीएफ द्वारा एक-दूसरे पर भाजपा के साथ सौदेबाजी के आरोप लगाने के संदर्भ में, मोदी ने कहा कि दोनों मोर्चे एक-दूसरे पर भाजपा की ‘बी-टीम’ होने का आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि केरल में भाजपा ‘ए-टीम’ है।

उन्होंने दावा किया कि एलडीएफ और यूडीएफ के बीच एक ‘‘गुप्त साझेदारी’’ है, और वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इसीलिए वे भाजपा को निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई ‘‘डब्ल्यूडब्ल्यूएफ फाइट’’ जैसी है।

उन्होंने कहा कि दोनों मोर्चों के बीच एक और समानता यह है कि वे वोट बैंक की राजनीति के लिए चरमपंथी विचारों वाले लोगों को बढ़ावा देते हैं और इसे एक खतरनाक प्रवृत्ति बताया।

मोदी ने कहा कि शबरिमला रेलवे परियोजना से शबरिमला को श्रद्धालुओं से सीधे जोड़कर पूरे क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, राज्य सरकार ने इस परियोजना में लगातार बाधाएं खड़ी की हैं। केरल में भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार सत्ता में आने के बाद ये बाधाएं दूर हो जाएंगी।’’

उन्होंने कहा कि यह उनकी गारंटी है और केरल नयी गति से विकास करेगा।

उन्होंने केरल के लोगों को ईस्टर और विशु की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘केरल में हम सरकार बनाएंगे, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करेंगे और मछुआरों और स्थानीय समुदायों की चिंताओं का समाधान करेंगे।’’

मोदी ने कहा कि केरल में अपार संभावनाएं हैं, फिर भी विकास की दौड़ में यह अन्य राज्यों से पीछे है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण केरल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा खराब स्थिति में है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में राजग सरकार ने केरल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है, जबकि राज्य में अभी तक भाजपा की सरकार नहीं रही है।

उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने केरल में विकास पर कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकारों की तुलना में पांच गुना अधिक खर्च किया है।

मोदी ने केरल से रोजगार के लिए युवाओं के पलायन का भी जिक्र किया और कहा कि यह राज्य की सबसे बड़ी समस्या है।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव