जयपुर में 13 अप्रैल को ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
जयपुर में 13 अप्रैल को ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
जयपुर, 11 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 अप्रैल को जयपुर में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ कार्यक्रम में युवाओं को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करेंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और विजेताओं से संवाद करेंगे। राज्य खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय ‘विकसित भारत यूथ डायलॉग’ का फिनाले 13 अप्रैल को राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र (आरआईसी) में होगा।
कार्यक्रम के तहत 12 अप्रैल को महिला प्रतिभागियों के लिए ‘महिला युवा संसद’ का आयोजन होगा, जबकि शाम को मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), जयपुर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित होगा।
यह कार्यक्रम खेल प्राधिकरण, भारत के सहयोग से आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य “फिट भारत, विकसित भारत” का संदेश देना है।
13 अप्रैल को कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र होगा, जिसके बाद ‘माय भारत सत्र’ और दो विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं होंगी।
इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ (जोन 14 – राजस्थान) में 1 फरवरी से 22 फरवरी के बीच आयोजित ऑनलाइन क्विज़ में राज्य के 75,591 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 3,453 प्रतिभागी निबंध चरण तक पहुंचे और लगभग 984 को राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ डायलॉग के लिए चुना गया, जिनमें 423 महिलाएं और 561 पुरुष शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जिले से 100 प्रतिभागी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे, जिनमें स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्टार्टअप, कृषि और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के युवा शामिल होंगे।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब

Facebook


