प्रधानमंत्री मोदी दो अगस्त को नशे के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ेंगे : मांडविया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी दो अगस्त को नशे के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ेंगे : मांडविया

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 05:33 PM IST

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि युवाओं में नशीले पदार्थों की लत की समस्या से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अगस्त को 100 सप्ताह तक चलने वाले देशव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत करेंगे।

मांडविया ने राज्यसभा में एक पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ नामक इस अभियान में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक जैसी साप्ताहिक गतिविधियां शामिल होंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘दो अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को संबोधित करेंगे और एक करोड़ से अधिक युवा ‘नशा मुक्ति’ की शपथ लेंगे, जिसमें वे नशा-मुक्त रहने और दूसरों को भी नशा-मुक्त रहने में मदद करने के अपने संकल्प को दोहराएंगे।’’

इस अभियान का नेतृत्व ‘एमवाई भारत’ करेगा, जो युवा मामलों के विभाग की एक पहल है और युवाओं पर केंद्रित प्लेटफॉर्म है।

मांडविया ने कहा कि इसमें युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, औद्योगिक संघ और 125 से ज़्यादा आध्यात्मिक संगठन हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि इससे यह देश में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाला सबसे बड़ा जन-आंदोलन बन जाएगा।

मंत्री ने कहा, ‘हमें अपने युवाओं को खेल के क्षेत्र में लाना होगा और (नशीली दवाओं की समस्या के बारे में) जागरूकता फैलाने में मदद करनी होगी। सरकार अकेले यह काम नहीं कर सकती। पूरे समाज को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी होगी।’

भाषा माधव वैभव

वैभव