प्रधानमंत्री मोदी का महिला आरक्षण को हथियार की तरह इस्तेमाल करने का दांव उल्टा पड़ा : स्टालिन

Ads

प्रधानमंत्री मोदी का महिला आरक्षण को हथियार की तरह इस्तेमाल करने का दांव उल्टा पड़ा : स्टालिन

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 09:42 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 09:42 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

होसुर, 19 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तमिलनाडु समेत अन्य राज्य विधानसभाओं के लिये जारी चुनाव प्रक्रिया के दौरान महिला आरक्षण को विपक्षी दलों के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का दांव उल्टा पड़ गया है।

यहाँ एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, स्टालिन ने प्रधानमंत्री मोदी की तीखी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने 18 अप्रैल को महिला आरक्षण के मुद्दे पर राष्ट्र के नाम अपने टेलीविजन संबोधन के दौरान विपक्ष पर निशाना साधा।

द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि उस संबोधन को ‘‘प्रधानमंत्री का संबोधन कहने के बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)नेता मोदी का राजनीतिक भाषण’’ कहना अधिक उचित होगा।

उन्होंने कहा कि पृष्ठभूमि में तिरंगा होने और चुनावों के कारण आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद, मोदी ने अपने भाषण में विपक्षी दलों की आलोचना करने का विकल्प चुना।

स्टालिन ने आरोप लगाया,‘‘चुनावी जनसभा में जो कुछ कहा जाना चाहिए था, वही बात प्रधानमंत्री ने आधिकारिक सरकारी संबोधन में कही है, और यह नियमों का घोर उल्लंघन है।’’

उन्होंने कहा कि संसद में सरकार की पहली हार (संविधान संशोधन विधेयक के मुद्दे पर) के कारण तनाव में आने की वजह से प्रधानमंत्री इस तरह से बोल रहे हैं।

स्टालिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को लगा था कि अगर चुनाव के बीच संसद में परिसीमन विधेयक लाया जाता है, तो द्रमुक इस मुद्दे पर ध्यान केंद्रित नहीं करेगी। उन्होंने कहा,‘‘हालांकि, नतीजा बिलकुल उल्टा निकला। दक्षिणी राज्यों की जनता में भारी आक्रोश है, और उनके (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन)की करारी हार निश्चित हो गई है।’’

द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि इसलिए, ‘‘नुकसान की भरपाई करने’’ के लिए, मोदी विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण को विफल करने का आरोप लगाकर उन्हें ‘‘अनुचित रूप से निशाना बनाने’’ की कोशिश कर रहे हैं।

स्टालिन ने दावा किया, ‘‘ यह भी कारगर नहीं हुआ। चुनाव के दौरान उन्होंने जिस हथियार से हम (द्रमुक सहित विपक्षी दलों) को निशाना बनाने की कोशिश की, वह उन्हीं पर उल्टा पड़ गया है।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप