पलामू में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पलामू में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मेदिनीनगर (झारखंड), 22 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को एक युवक को 14 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म और गला घोंटकर उसकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मेदिनीनगर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि यह घटना 16 अक्टूबर को पाटन थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी अरुण कुमार (21) ने कथित तौर पर हत्या के बाद किशोरी के शव को एक तालाब में फेंक दिया और उसके कपड़े एक कुएं में डाल दिए।
प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “16 अक्टूबर को किशोरी अपने चचेरे भाई के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। अगले दिन जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने पूछताछ की और पता चला कि वह अपने चचेरे भाई के घर नहीं पहुंची थी। 17 अक्टूबर की शाम लगभग साढ़े चार बजे उसका शव गांव के पास एक तालाब में मिला।”
उन्होंने बताया कि आरोपी ने किशोरी को उसके चचेरे भाई के घर जाते समय रास्ते में पकड़ लिया और उसी रात एक सुनसान स्थान पर लेकर उससे दुष्कर्म किया।
प्रसाद ने कहा, ‘‘इसके बाद, आरोपी ने किशोरी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। किशोरी का फोन भी तालाब में फेंक दिया। उसकी चप्पलें और कपड़े एक कुएं से बरामद किए गए।’’
भाषा
खारी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


