विवादित होर्डिंग मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद के बेटे को हिरासत में लिया, पूछताछ के बाद छोड़ा

Ads

विवादित होर्डिंग मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद के बेटे को हिरासत में लिया, पूछताछ के बाद छोड़ा

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 01:24 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 01:24 PM IST

बाराबंकी (उप्र), 30 जून (भाषा) बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे विवादित होर्डिंग लगाने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व सांसद एपी गौतम के बेटे जयंत गौतम को हिरासत में लिया, लेकिन पूछताछ के बाद देर रात उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हैदरगढ़ क्षेत्र में बारा टोल प्लाजा और जवाहर नवोदय विद्यालय के बीच कई स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर थी तथा उनके मुंह पर टेप लगा हुआ दिखाया गया था। होर्डिंग में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन, महंगाई, बेरोजगारी और प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों जिक्र था और इसके निचले हिस्से में जयंत गौतम की तस्वीर भी लगी थी।

भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

हैदरगढ़ के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि ये होर्डिंग अनुचित थे और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, ये होर्डिंग जयंत गौतम ने लगवाए थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लेने के बाद जयंत गौतम से देर रात हैदरगढ़ थाने में पूछताछ की गई। कांग्रेस के बाराबंकी सांसद तनुज पूनिया और जिलाध्यक्ष मोहसिन के थाने पहुंचने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संगम कुमार ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि होर्डिंग लगाने से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अनुमति ली गई थी या नहीं और इन्हें लगाने का उद्देश्य क्या था।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मामले में रिपोर्ट तलब की है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी