एटा में ड्यूटी के दौरान पुलिस निरीक्षक की मौत, दिल का दौरा पड़ने की आशंका
एटा में ड्यूटी के दौरान पुलिस निरीक्षक की मौत, दिल का दौरा पड़ने की आशंका
एटा (उप्र), 24 मार्च (भाषा) एटा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान एक पुलिस निरीक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते प्रथम दृष्टया दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई।
पुलिस के अनुसार, निरीक्षक राघवेंद्र सिंह पुलिस लाइन एटा में आरटीसी परीक्षा ड्यूटी पर तैनात थे तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
उसने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मूलरूप से औरैया जनपद के निवासी राघवेंद्र सिंह 1998 में उपनिरीक्षक पद पर भर्ती हुए थे और 2016 में पदोन्नति पाकर निरीक्षक बने थे। वर्तमान में उनकी तैनाती साइबर थाने में थी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
थाना प्रभारी प्रेम पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर दिल का दौरा मौत की वजह प्रतीत होता है।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में पार्थिव देह को सलामी दी जाएगी और उसके उपरांत शव को उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


