मंगलुरु (कर्नाटक), 17 मार्च (भाषा) मंगलुरु में एक महिला के साथ कथित अनुचित व्यवहार वाला वीडियो सामने आने के बाद एक पुलिस निरीक्षक को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मंगलुरु के पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, “उस पुलिस निरीक्षक के खिलाफ पूर्व में दो महिलाओं द्वारा कई शिकायतें की गई थीं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये दोनों मामले एक दूसरे से अलग हैं।”
वीडियो में दिखाई दे रही महिला की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं किए जाने के बावजूद अधिकारियों ने वीडियो में पाया कि पुलिस निरीक्षक द्वारा अनुचित व्यवहार किया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि अनुचित व्यवहार को देखते हुए निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला को इस बारे में बता दिया गया है और अब वह चाहे तो अपना बयान दर्ज करा सकती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे जांच की जा रही है।
इस बीच, प्रदेश के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि उन्होंने मंगलुरु के पुलिस आयुक्त से तत्काल बात की और रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बेंगलुरु में संवाददाताओं को बताया, “मैंने मंगलुरु के पुलिस आयुक्त से बात करके महिला द्वारा लगाए गए आरोप और उस अधिकारी के व्यवहार के संबंध में तुरंत रिपोर्ट मांगी है। आयुक्त आज रिपोर्ट भेज सकते हैं। मैंने एडीजीपी (कानून व्यवस्था) को इस मामले को देखने को कहा है।”
इस मामले का संज्ञान लेते हुए कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने कहा कि उन्होंने दक्षिण कन्नड़ के आयुक्त को पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा, “मैंने आयुक्त से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि कोई भी पीड़िता अभी तक शिकायत दर्ज कराने नहीं आई है। हालांकि, हम जांच आगे बढ़ा रहे हैं।”
चौधरी ने कहा कि उन्होंने भी परमेश्वर से मुलाकात की और परमेश्वर ने कहा कि पुलिस को उनसे किसी निर्देश की प्रतीक्षा करने की जरूरत नहीं है और पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई कर सकती है।
उन्होंने कहा, “परमेश्वर (गृह मंत्री) ने दो दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने कहा, “हर बार जब एक महिला के साथ घटना घटती है तो पुलिस विभाग महिला आयोग के हस्तक्षेप की प्रतीक्षा करता दिखता है। क्या यही पुलिस का अनुशासन और जिम्मेदारी है।”
भाषा सं राजेंद्र अमित
अमित