जम्मू के रघुनाथ मंदिर में पुलिस, एनएसजी ने संयुक्त रूप से आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल की

Ads

जम्मू के रघुनाथ मंदिर में पुलिस, एनएसजी ने संयुक्त रूप से आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल की

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 07:46 PM IST

जम्मू, 29 जून (भाषा) तीन जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने सोमवार को यहां रघुनाथ मंदिर में संयुक्त रूप से आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान उच्च जोखिम वाली आतंकवादी स्थिति में जवाबी कार्रवाई का अभ्यास किया गया, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया, क्षेत्र पर नियंत्रण, हस्तक्षेप की रणनीति, बंधकों को छुड़ाना, घायलों को सुरक्षित निकालना तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय शामिल था।

उन्होंने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की प्रभावशीलता की जांच करना, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच संचालनगत समन्वय को मजबूत करना तथा किसी भी सुरक्षा चुनौती की स्थिति में तेज और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था।

प्रवक्ता ने बताया कि यह अभ्यास जम्मू के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आयोजित की जाने वाली संयुक्त तैयारी संबंधी मॉक ड्रिल की शृंखला का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संचालन संबंधी तैयारियों का आकलन करना, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करना तथा संभावित खतरों से निपटने के लिए संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है।

प्रवक्ता के अनुसार, इस अभ्यास में एसओजी जम्मू, एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जो उनके उच्च पेशेवर कौशल, पारस्परिक तालमेल और परिचालन तत्परता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जम्मू पुलिस तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “अमरनाथ यात्रा और उसके बाद भी सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की यथार्थपरक मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी।”

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत