पश्चिम बंगाल की सात लोकसभा सीट पर मतदान शुरू

Ads

पश्चिम बंगाल की सात लोकसभा सीट पर मतदान शुरू

  •  
  • Publish Date - May 20, 2024 / 08:59 AM IST,
    Updated On - May 20, 2024 / 08:59 AM IST

कोलकाता, 20 मई (भाषा) लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पश्चिम बंगाल की सात सीट पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बनगांव (अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सुरक्षित ), बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली और आरामबाग (सुरक्षित) लोकसभा सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

इस चरण में कुल 1,25,23,702 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 63,51,320 पुरुष, 61,72,034 महिलाएं और 348 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

इन सात लोकसभा सीट के लिए 13,481 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

निर्वाचन आयोग ने 57 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है और लगभग 30 हजार पुलिसकर्मियों के अलावा 60 हजार से अधिक केंद्रीय बल कर्मियों को तैनात किया गया है।

राज्य की सात लोकसभा सीट पर कुल 88 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार बनगांव से चुनाव मैदान में हैं।

बनगांव लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विश्वजीत दास के बीच मुकाबला है।

भाषा जितेंद्र सिम्मी

सिम्मी