मदुरांतकम, 24 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बिजली बोर्ड मुख्यालय के निरीक्षण के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को मंत्रियों की अध्यक्षता में हुई बैठकों में बिजली कटौती के कारण खलल पड़ा।
मुख्यमंत्री विजय ने बिजली विभाग में गंभीर संकट के मद्देनजर 23 सितंबर को तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीएनपीडीसीएल) के चेन्नई स्थित मुख्यालय में समीक्षा की थी। हालांकि, इसके ठीक अगले दिन राज्यभर में सरकारी कार्यक्रमों के दौरान बिजली कटौती से परेशानी हुई।
मदुरांतकम में बिजली कटौती से मंत्री आधव अर्जुन का भाषण रुक गया। मंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है जिसमें वह संबोधन के दौरान माइक बंद हो जाने पर अधिकारियों से “जनरेटर चालू करने” के लिए कहते दिख रहे हैं।
धारापुरम में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। एक बैठक में मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन के संबोधन के दौरान बिजली गुल हो गई। अहम बात है कि सेंगोट्टैयन और अर्जुन दोनों के कार्यक्रम में इस तरह के व्यवधान दूसरी बार देखने को मिले हैं। इससे पहले भी उनके भाषण के बीच बिजली गुल हो गई थी।
मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव छह अक्टूबर को होंगे।
भाषा तान्या खारी
खारी