चंडीगढ़ में बिजली वितरण नेटवर्क हुआ स्थिर, आपूर्ति बहाल: सीपीडीएल

Ads

चंडीगढ़ में बिजली वितरण नेटवर्क हुआ स्थिर, आपूर्ति बहाल: सीपीडीएल

  •  
  • Publish Date - January 24, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - January 24, 2026 / 08:06 PM IST

चंडीगढ़, 24 जनवरी (भाषा) चंडीगढ़ में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली बाधित होने के एक दिन बाद अब आपूर्ति सामान्य हो गई है। चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) ने शनिवार को बताया कि बिजली वितरण नेटवर्क अब पूरी तरह स्थिर है।

सीपीडीएल के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘वर्तमान में कहीं भी कोई सक्रिय तकनीकी खराबी की समस्या नहीं है और पूरे चंडीगढ़ में किसी भी बड़े क्षेत्र से बिजली कटौती की सूचना नहीं मिली है।’

प्रवक्ता ने जानकारी दी कि दिन के दौरान केवल कुछ मामूली तकनीकी खामियों और बहुत कम समय के लिए बिजली आपूर्ति में आई बाधा की सूचना मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानी के तौर पर कुछ स्थानों पर ‘एहतियाती तौर पर बिजली की आपूर्ति रोक दी गई’ थी।

उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर बिजली बहुत ही कम समय के लिए रोकी गई थी, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक किसी बड़ी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शुक्रवार को हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के बिजली के बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा। इस खराब मौसम की वजह से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए थे।

भाषा

प्रचेता माधव

माधव