छठ पूजा को लेकर रांची में तैयारियां तेज, यातायात व्यवस्था में भी बदलाव
छठ पूजा को लेकर रांची में तैयारियां तेज, यातायात व्यवस्था में भी बदलाव
रांची, 22 अक्टूबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची प्रशासन ने 25 अक्टूबर से शुरू हो रहे छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रांची के उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कांके बांध और राजभवन के पास स्थित हटनिया तालाब समेत शहर के कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।
भजंत्री ने बताया, “जिला प्रशासन ने छठ घाटों की सफाई तेज कर दी है। हम सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।”
उन्होंने सभी छठ पूजा समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक उपलब्ध कराने की अपील की है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भजंत्री ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तैनात की जाएंगी।
छठ पूजा के लिए तैयार किए गए घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के वास्ते किनारे से 3.5 फुट की दूरी तक अवरोधक लगाए जाएंगे।
रांची नगर निगम (आरएमसी) के आयुक्त सुशांत गौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने छठ पूजा के लिए तालाबों और नदियों सहित कम से कम 73 जलाशयों की पहचान की है। इसके अलावा, शहर में 50 अस्थायी छठ घाट भी बनाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।”
उन्होंने कहा कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी और आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर भी लगाए जाएंगे।
गौरव ने बताया, “हमारा ध्यान सभी चिन्हित जलाशयों की सफाई और तालाबों की सीढ़ियों की मरम्मत पर है।”
इसके साथ ही नगर निगम घाट क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी प्रवर्तन टीम को सभी छठ घाटों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। अतिक्रमण की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा, “श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।”
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि रांची यातायात पुलिस ने 27 और 28 अक्टूबर के लिए मार्ग परिवर्तन और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध की घोषणा की है।
अधिकारियों के अनुसार, यातायात मार्ग परिवर्तन 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से 28 अक्टूबर को त्योहार की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक रांची में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। देर रात दो बजे से 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान भारी वाहनों को रिंग रोड से होकर गुजारा जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान्य प्रवेश निषेध नियम लागू रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार 27 अक्टूबर को अपराह्न दो बजे से रात आठ बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। उस दिन अपराह्न तीन बजे से रात आठ बजे के बीच कांके के चांदनी चौक से राम मंदिर तक ऑटोरिक्शा और इलेक्ट्रिक रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसके अलावा, फिरायालाल से चडरी तालाब की ओर और जेल चौक से फिरायालाल की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कम से कम 13 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं जिनमें नागाबाबा खटाल, सब्जी मंडी पार्किंग, सीएमपीडीआई, गांधीनगर, रॉक गार्डन, शालीमार बाजार और शहीद मैदान शामिल हैं।
भाषा
खारी प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत

Facebook


