मध्यप्रदेश से राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों की बैठक गुरुवार शाम को नई दिल्ली में हुई. जबलपुर सांसद राकेश सिंह के निवास पर हुई बैठक मे पार्टी के अधिकांश सांसद मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, इस बैठक में लोकसभा स्पीकर और इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, प्रकाश जावड़ेकर शामिल हुए। केंद्रीय मंत्रियों के अलावा मध्य प्रदेश भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्दे भोपाल, होशंगाबाद, रीवा, सीधी, सतना, धार, भिण्ड, देवास, उज्जैन, बैतूल,मंदसौर, खरगोन,राजगढ़, टीकमगढ़ के सांसद पहुंचे, बैठक में राज्यसभा से प्रभात झा, ला गणेशन, सत्यनारायण जटिया, मेघराज जैन शामिल हुए।
शुक्रवार सुबह पीएम नरेंद्र मोदी उनके निवास पर मध्य प्रदेश के दोनों सदनों के सांसदों से भेंट करेंगे, सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री सभी सांसदांे से औपचारिक बातचीत कर एमपी सरकार के कामकाज का फीडबैक लेंगे। मध्य प्रदेश के सांसदों से मुलाकात करने के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के सांसदों से मुलाकात की थी. इसके बाद राजस्थान और गुजरात के सांसदों से भी प्रधानमंत्री का संवाद हो चुका है. इसी कड़ी में अब मध्य प्रदेश के सांसदों से प्रधानमंत्री की चर्चा होनी है।