तृणमूल समर्थक बीएलओ ने मतदाता सूची में ‘हेरफेर’ के खिलाफ सीईओ कार्यालय के समय किया प्रदर्शन

तृणमूल समर्थक बीएलओ ने मतदाता सूची में ‘हेरफेर’ के खिलाफ सीईओ कार्यालय के समय किया प्रदर्शन

तृणमूल समर्थक बीएलओ ने मतदाता सूची में ‘हेरफेर’ के खिलाफ सीईओ कार्यालय के समय किया प्रदर्शन
Modified Date: March 31, 2026 / 05:06 pm IST
Published Date: March 31, 2026 5:06 pm IST

कोलकाता, 31 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस समर्थित बूथ-स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाता सूची में कथित ‘हेरफेर’ के खिलाफ यहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान पुलिस के साथ हुई उनकी झड़प की वजह से तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मौजूदा राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुभेंदु अधिकारी ने दिन में पहले सीईओ के कार्यालय का दौरा किया था और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर शांति भंग करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा कि अधिकारी के सीईओ कार्यालय से जाने के कुछ समय बाद ही, मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म 6 के कथित दुरुपयोग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ और स्थिति बिगड़ गई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फॉर्म-6 का इस्तेमाल बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मतदाताओं को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में नामांकित करने के लिए किया जा रहा है।

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया और इस दौरान उनकी प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प हो गई।

मौके पर मौजूद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हालात बेकाबू हो रहे थे, इसलिए हमने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया।’’

इससे पहले दिन में, तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर भाजपा पर फॉर्म-6 आवेदनों के माध्यम से बड़ी संख्या में पश्चिम बंगाल के बाहर के मतदाताओं को अवैध रूप से राज्य की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा ने एक ही दिन में लगभग 30,000 फॉर्म-6 जमा करके पश्चिम बंगाल में अन्य राज्यों के निवासियों को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराया है।

सीईओ कार्यालय के बाहर मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि भाजपा समर्थकों ने उन पर हमला किया।

प्रदर्शनकारी समूह के एक प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘हमारे सदस्यों को उकसाया गया और उन पर हमला किया गया। हम इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।’’

पुलिस ने बताया कि कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, जिसके बाद स्ट्रैंड रोड स्थित सीईओ के नए कार्यालय के बाहर अतिरिक्त बल तैनात किए गए। उसने बताया कि अधिकारी कड़ी नजर रख रहे हैं ताकि स्थिति अनियंत्रित न हो।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में