कैथल, 24 जुलाई (भाषा) केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने यहां कैथल में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के कथित प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर विरोध जता रहे थे।
प्रदर्शनकारी पहले हनुमान वाटिका पार्क में एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए जिला लघु सचिवालय पहुंचे।
यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के देशव्यापी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बीच हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने मार्च के दौरान बैनर, पोस्टर और तख्तियां हाथ में लेकर लगातार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने जिला लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने ज्ञापन में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “क्या युवाओं को अपनी मांग उठाने का भी अधिकार नहीं है?”
प्रदर्शनकारियों ने विद्यार्थियों पर किए गए लाठीचार्ज को ‘बेहद निंदनीय’ बताया।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “आज पूरा देश इस अत्याचार की निंदा कर रहा है। पहले हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे लेकिन अब हम गृह मंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।”
इस बीच, कैथल बार एसोसिएशन के वकीलों ने भी बार कक्ष के बाहर धरना दिया।
उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।
वकीलों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘लोकतंत्र पर हमला’ बताया। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश