भर्ती परीक्षाओं में ‘अनियमितताओं’ के खिलाफ मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे प्रदर्शनकारी

भर्ती परीक्षाओं में 'अनियमितताओं' के खिलाफ मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे प्रदर्शनकारी

भर्ती परीक्षाओं में ‘अनियमितताओं’ के खिलाफ मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे प्रदर्शनकारी
Modified Date: August 12, 2026 / 12:05 am IST
Published Date: August 12, 2026 12:05 am IST

रांची, 11 अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित ‘अनियमितताओं’ के खिलाफ ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मंगलवार को घोषणा की कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

यहां मंगलवार शाम को ‘मौन जुलूस’ में भाग लेने वाले मंच के सदस्यों ने कहा कि उन्होंने आंदोलन को और तेज करने का फैसला किया है, तथा इसकी विस्तृत योजना जल्द ही साझा की जाएगी।

यहां एक पत्रकार वार्ता में ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ‘हमें उम्मीद थी कि सोमवार के प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार छात्रों के लिए कोई सकारात्मक संदेश लेकर आएगी। इस प्रदर्शन में राज्य भर से 50,000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया था।’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन हमें सरकार की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इसलिए, हमने फैसला किया है कि जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अपना आंदोलन जारी रखेंगे।’

मंच के एक अन्य नेता पीयूष कुमार ने कहा कि वे इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सरकार के साथ बातचीत के लिए हमेशा तैयार हैं।

इससे पहले भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में ‘जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच’ की अगुवाई में छात्रों ने मंगलवार शाम यहां जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक ‘मौन जुलूस’ निकाला।

इस मुद्दे पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया और यह जुलूस उसी आंदोलन के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कामकाज में सुधार, कई परीक्षाओं को रद्द करने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के एक पैनल से स्वतंत्र जांच कराने की मांग को लेकर छात्र व नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं।

अपनी मांगों को लेकर छह प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं, जिनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा सुमित अमित

अमित


लेखक के बारे में