पैतृक जमीन के विवाद में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, विषाक्त पदार्थ खाने से हालत गंभीर
पैतृक जमीन के विवाद में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, विषाक्त पदार्थ खाने से हालत गंभीर
सीकर, 11 अगस्त (भाषा) राजस्थान के सीकर जिले में पैतृक जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद के बीच मंगलवार को 24 वर्षीय व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया। बाद में उसने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बीरोड़ी गांव में हुई। युवक की पहचान संजय नेहरा के रूप में हुई है। उसका अपने रिश्तेदारों के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और जमीन विवाद के संबंध में उसके एक चाचा ने अदालत से स्थगन आदेश ले रखा है।
पुलिस ने बताया कि नेहरा मंगलवार सुबह पानी, नाश्ता और विषाक्त पदार्थ लेकर गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया।
सूचना मिलने पर तहसीलदार मुकेश चौधरी और बलारां थानाधिकारी कैलाश यादव अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।
नेहरा ने अधिकारियों से अपनी बहनों को बुलाने को कहा। इसके बाद उसके साथ रहने वाली छोटी बहन और थोरासी गांव में रह रही बड़ी बहन को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने बताया कि उसे नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे थे, तभी टंकी से नीचे उतरते समय नेहरा ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ खा लिया।
उसे तुरंत नीचे उतारकर एंबुलेंस से नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे सीकर के एसके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
भाषा बाकोलिया गोला
गोला

Facebook


