भुवनेश्वर, 24 मार्च (भाषा) ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित सरकारी कैपिटल अस्पताल में मंगलवार को एक परिवार ने आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन दिए जाने से उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। इसके बाद परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी अस्पताल के शवगृह पहुंचे जहां खोर्धा जिले के कालुपाडा के निवासी लड़के के परिजन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
मृतक लड़के की बड़ी बहन ने दावा किया कि साइकिल से गिरकर घायल होने पर उसे सुबह करीब साढ़े नौ बजे ‘कैजुअल्टी वार्ड’ में लाया गया था।
उसने आरोप लगाया, ‘जब हम उसे यहां लाए तो वह होश में था और परिजनों से बात कर रहा था। उसने पानी भी मांगा था। चिकित्सक ने एक इंजेक्शन लगाया। कुछ समय बाद, हमें बताया गया कि उसकी मौत हो गई।’
मृतक की बहन ने दावा किया कि उसके भाई की मौत गलत इंजेक्शन लगाने से हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जैसे ही अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उन्हें औपचारिकताएं पूरी नहीं करने दी गईं।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश