पंजाब भाजपा नेता गुरमीत सोढ़ी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह से मुलाकात की

Ads

पंजाब भाजपा नेता गुरमीत सोढ़ी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 06:21 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 06:21 PM IST

चंडीगढ़, 31 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेता राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी की अगुवाई में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य के सीमावर्ती जिलों से जुड़े कई मुद्दे उठाए।

सोमवार को इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे। सोढ़ी ने शाह को सौंपे गए ज्ञापन में राज्य के सामरिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘पंजाब केवल एक सीमावर्ती राज्य नहीं है – यह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति में खड़ा है और देश की खाद्य सुरक्षा के लिए भी मुख्य भूमिका निभाता है।’’

प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब सुरक्षा बाड़ के बाहर खेती करने वाले किसानों का मुद्दा भी उठाया।

सोढ़ी ने कहा, ‘‘हजारों किसान दशकों से इन जमीनों पर खेती कर रहे हैं, फिर भी उन्हें स्वामित्व के अधिकार नहीं दिए जाते। इससे उन्हें लगातार अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है। स्वामित्व प्रदान करना केवल नीतिगत निर्णय नहीं है; यह गरिमा और न्याय का प्रश्न है।’’

ज्ञापन में फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग का चौड़ीकरण (फोर-लेन) करने और राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की भी मांग की गई।

सोढ़ी ने कहा, ‘‘यह मार्ग नागरिकों और रक्षा दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। इस सड़क को अपग्रेड करना निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करने और लॉजिस्टिक तैयारियों को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।’’

भाषा रंजन नरेश

नरेश