कानपुर, 31 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में बैचलर इन मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (बीएमएलटी) के द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ने अपने तीन साथी विद्यार्थियों पर दो सप्ताह पहले कक्षा के अंदर उससे सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिसके बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक यह घटना 16 मार्च को हुई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसे खाना खिलाने के बहाने एक खाली कक्षा में कथित तौर पर बुलाया और अंदर जाने के बाद उन्होंने उसे परेशान करना शुरू कर दिया तथा उससे सामूहिक दुष्कर्म करने की कोशिश की।
पीड़िता ने बताया कि उसकी चीख सुनकर पास में मौजूद कुछ वरिष्ठ छात्र मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर वारदात को होने से रोक दिया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) सैयद कासिम आब्दी ने बताया कि 21 साल की छात्रा के पिता की शिकायत पर सोमवार रात को कल्याणपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों वैभव मिश्रा, अनुज विश्वकर्मा और रितेश निर्मल को हिरासत में ले लिया गया।
आब्दी ने बताया, “ छात्रा का बयान दर्ज किया जा रहा है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
पीड़ित छात्रा के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने परिवार को बंदूकों और धारदार हथियारों से आतंकित करके धमकाया व अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
विश्वविद्यालय के कुलपति सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि इस मामले में संस्थान के प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में एक समिति बनायी गयी है और उम्मीद है कि एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र