पंजाब के वित्त मंत्री ने योजना विभाग में 70 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी

Ads

पंजाब के वित्त मंत्री ने योजना विभाग में 70 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 08:15 PM IST

चंडीगढ़, सात अप्रैल (भाषा) पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने योजना विभाग में 70 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंगलवार को मंजूरी दे दी।

चीमा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि सांख्यिकी निदेशालय और आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के लिए समूह-ए, बी और सी के विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती शुरू करने की स्वीकृति दी गई है।

सत्तर रिक्तियों में से 68 पद सांख्यिकी निदेशालय में भरे जाएंगे।

चीमा ने बताया कि इन रिक्त पदों में से 14 सहायक अनुसंधान अधिकारी के, 50 अन्वेषक के और चार वरिष्ठ सहायक के हैं।

उन्होंने बताया कि बाकी दो पद (एक समूह-ए प्रोग्रामर और एक वरिष्ठ सहायक) आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के लिए निर्धारित किए गए हैं।

चीमा ने कहा कि शुरू में पंजाब मंत्रिमंडल के समक्ष एक ज्ञापन रखा गया था, जिसमें इन दोनों विभागों में विभिन्न श्रेणियों के 140 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव था।

उन्होंने कहा, “29 मार्च को हुई मंत्रिमंडल बैठक में प्रस्तावित पदों में से 50 प्रतिशत को भरने की मंजूरी दी गई, जिससे वर्तमान भर्ती अभियान के लिए स्वीकृत रिक्तियों की कुल संख्या 70 हो गई।”

मंत्री ने कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड अब भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और इन पदों को पारदर्शी तरीके से जल्द से जल्द भरने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

भाषा

राखी पारुल

पारुल