चंडीगढ़, 31 अगस्त (भाषा) पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू और अन्य नेताओं ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की 31वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बेअंत सिंह की अगस्त 1995 में हत्या कर दी गई थी। उस समय वह पंजाब के मुख्यमंत्री थे।
बिट्टू ने अपने दादा को याद करते हुए कहा कि पंजाब में शांति और सद्भाव के लिए बेअंत सिंह का बलिदान हमेशा सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री के पौत्र बिट्टू ने पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया।
बिट्टू ने कहा, ‘‘शहीद सरदार बेअंत सिंह जी की 31वीं पुण्यतिथि पर हम पंजाब को ‘नशा-मुक्त’ बनाने का संकल्प लेते हैं। पंजाब में शांति के लिए उनका बलिदान हमें अपने युवाओं की रक्षा करने, समाज को मजबूत बनाने और नशामुक्त पंजाब के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।’’
राज्यपाल कटारिया ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंजाब में शांति और स्थिरता के लिए बेअंत सिंह के साहस, समर्पण और बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा।
कटारिया और बिट्टू के अलावा पूर्व विधायक तेज प्रकाश सिंह, गुरकीरत कोटली और कई अन्य नेता इस अवसर पर मौजूद थे।
भाषा मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल