पंजाब ने फिल्म प्रोत्साहन नीति 2026 लागू की

Ads

पंजाब ने फिल्म प्रोत्साहन नीति 2026 लागू की

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 10:29 PM IST

मोहाली, 15 मार्च (भाषा) पंजाब सरकार ने रविवार को ‘पंजाब फिल्म प्रोत्साहन नीति 2026’ की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य फिल्म निर्माताओं और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन और सरल मंजूरी प्रणाली प्रदान करके राज्य को फिल्म निर्माण का एक प्रमुख केंद्र बनाना है।

इस नीति का अनावरण यहां आयोजित प्रगतिशील पंजाब निवेशक शिखर सम्मेलन 2026 के मीडिया और मनोरंजन सत्र के दौरान किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार फिल्म निर्माताओं और निवेशकों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘हम हर फिल्म निर्माता, हर निवेशक और हर रचनात्मक व्यक्ति का स्वागत करते हैं। आपको जो भी चाहिए, जिस भी तरह से चाहिए, मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आपके लिए हमेशा मौजूद है।’

पन्नू ने कहा कि राज्य की नकारात्मक छवि पेश करने वाले बिचौलियों का युग समाप्त हो गया है और उन्होंने फिल्म निर्माताओं और मीडिया से जुड़े लोगों को पंजाब में शूटिंग के लिए सिंगल-विंडो क्लीयरेंस सिस्टम और सरकार की ओर से पूरी सहायता का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार शूटिंग की अनुमति देने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित कर रही है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश