पंजाब पीएचडी शोधार्थी मौत:प्राथमिकी दर्ज, भाई को नौकरी व परिवार को 16 लाख की सहायता

Ads

पंजाब पीएचडी शोधार्थी मौत:प्राथमिकी दर्ज, भाई को नौकरी व परिवार को 16 लाख की सहायता

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 02:17 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 02:17 PM IST

चंडीगढ़, 29 जुलाई (भाषा) पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में कथित तौर पर करंट लगने से 28 वर्षीय पीएचडी शोधार्थी की मौत के सिलसिले में लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पंजाब विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की शोधार्थी ज्योति की मंगलवार को मौत हो गई थी जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में यहां सेक्टर-11 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।

हादसा मंगलवार को उस समय हुआ जब ज्योति अपने छात्रावास से विभाग जा रही थी। बारिश से क्षेत्र में पानी भरे होने के कारण उसने कच्चे रास्ते का इस्तेमाल किया और इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। आशंका है कि पास में लगे बिजली के जंक्शन बॉक्स से करंट वहां फैला था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ज्योति के परिवार वालों के साथ मंगलवार देर रात बैठक के बाद पंजाब विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने उनके परिवार को 16 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और उनके भाई को नौकरी देने की घोषणा की।

अधिकारियों ने बताया कि ज्योति के भाई ने 12वीं तक पढ़ाई की है और वह आईटीआई (इलेक्ट्रिकल) कर चुका है। पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार उसे विश्वविद्यालय में ‘इलेक्ट्रीशियन’ की नौकरी की पेशकश की जाएगी।

भाषा तान्या निहारिका

निहारिका