चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले छह नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 13 पिस्तौल तथा 23 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर ग्रामीण के रंगड़ गांव निवासी गुरदीप सिंह उर्फ दीप (24) और धरमिंदर सिंह उर्फ भिंडा (34), अमृतसर के गुरु की वडाली निवासी अमित (23), अमृतसर के नारायणगढ़ निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नियाना (26) और तरनतारन के वान तारा सिंह गांव निवासी चमकौर सिंह (30) के रूप में हुई है।
इसके अलावा पुलिस ने तरनतारन के नूरदी गांव निवासी करनप्रीत सिंह (22), अमृतसर के कटरा करम सिंह निवासी गौरव (26) और अमृतसर के भाई मंज सिंह मार्ग के रहने वाले वरुण कुमार उर्फ विक्की गिल (33) को भी गिरफ्तार किया है।
बरामद पिस्तौल में तुर्किये में निर्मित .30 बोर की दो जिगाना पिस्तौल, चीन में निर्मित .30 बोर की दो पिस्तौल, नौ एमएम की एक और .30 बोर की आठ पिस्तौल शामिल हैं।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप