पीएनबी में नकली नोट बरामदगी मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

Ads

पीएनबी में नकली नोट बरामदगी मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 10:39 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 10:39 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट के जरिए नकली नोटों के प्रसार से जुड़ी साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतू के रूप में हुई है। वह उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर गांव का रहने वाला है।

एनआईए की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नीतू मामले के मुख्य आरोपी आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों का करीबी सहयोगी है।

सहारनपुर के सदर बाजार थाने को 29 अगस्त, 2026 को पीएनबी के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के अंकित मूल्य वाले भारतीय मुद्रा के नकली नोट बरामद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई थी, जिन्हें बाद में बैंक ने निलंबित कर दिया।

इसके बाद एनआईए ने मामले की जांच की जिम्मेदारी संभाली और तीन सितंबर को फिर से मामला दर्ज किया।

एजेंसी ने प्राथमिकी में नामजद आरोपी अमित कुमार को सात सितंबर, मुख्य आरोपी आदेश चौधरी को 15 सितंबर तथा अन्य आरोपी मुकेश कुमार और राजेंद्र को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप