जेएनयू में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

Ads

जेएनयू में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 10:43 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि सोमवार देर रात परिसर में दो बाहरी लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ की।

घटना से अवगत विद्यार्थियों के अनुसार, छात्रा साबरमती ढाबे से अपने छात्रावास लौट रही थी, तभी ताप्ती छात्रावास के पास एक कार में सवार दो पुरुष उसके पास पहुंचे जिन्होंने छात्रा को शराब की पेशकश की और बाद में कथित तौर पर उससे छेड़छाड़ की।

छात्रा ने तुरंत इसकी सूचना सुरक्षाकर्मी को दी, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के पदाधिकारी और विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य भी वहां पहुंच गए।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छात्रा ने अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कानूनी कार्रवाई के लिए छात्रा की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, निवारक कार्रवाई की गई है।’’

घटना के बाद छात्रों ने परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर गहरी चिंता जताई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने, सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और विश्वविद्यालय में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की मांग की।

छात्रों ने घटना के संबंध में विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारियों से भी संपर्क किया और उस व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जिसने बाहरी लोगों को परिसर में प्रवेश दिलाने में कथित तौर पर मदद की।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश

अविनाश